scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशभारत को विनाशकारी कम्युनिस्ट विचारधारा से छुटकारा पाना होगा: अमित शाह

भारत को विनाशकारी कम्युनिस्ट विचारधारा से छुटकारा पाना होगा: अमित शाह

Text Size:

रायपुर, आठ फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि देश को जल्द से जल्द ‘‘विनाशकारी’’ कम्युनिस्ट विचारधारा से छुटकारा पाने की जरूरत है और उन्होंने नक्सलियों से हथियार डालने की अपील की।

शाह ने कहा कि सरकार आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों का लाल कालीन बिछाकर स्वागत करेगी।

नवा रायपुर में ऑर्गनाइजर वीकली के ‘छत्तीसगढ़@25 शिफ्टिंग द लेंस’ शीर्षक से आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि माओवादी समस्या को विकास की कमी से नहीं जोड़ा जा सकता और न ही इसे केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा माना जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘वामपंथी उग्रवाद की समस्या एक विचारधारा से प्रेरित चुनौती है।’’

शाह ने कहा कि भारत की जनता को इस विचारधारा की सच्चाई को समझना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘जहां कहीं भी कम्युनिस्ट सत्ता में रहे, वे विकास नहीं ला सके। कम्युनिस्ट विचारधारा विनाश की विचारधारा है और देश को इससे तुरंत छुटकारा पाना आवश्यक है।’’

शाह ने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में अब कम्युनिस्ट विचारधारा का कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ त्रिपुरा और बंगाल में अब इसका अस्तित्व नहीं है। केरल में यह कुछ हद तक मौजूद है; हालांकि, तिरुवनंतपुरम से लोगों ने बदलाव की शुरुआत कर दी है।’’

उन्होंने माओवादियों से हथियार डालने की अपील करते हुए कहा कि सरकार एक भी गोली नहीं चलाना चाहती और आत्मसमर्पण करने वालों का ‘‘लाल कालीन’’ बिछाकर स्वागत करेगी।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments