scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशकेंद्रीय बजट के प्रावधानों से झारखंड के विकास में तेजी आएगी: राजीव प्रताप रूडी

केंद्रीय बजट के प्रावधानों से झारखंड के विकास में तेजी आएगी: राजीव प्रताप रूडी

Text Size:

रांची, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय जनती पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद राजीव प्रताप रूडी ने रविवार को कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आम बजट के प्रावधान झारखंड के विकास में तेजी लाएंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड को वित्त वर्ष 2026-27 में कर हस्तांतरण के माध्यम से 51,236 करोड़ रुपये और अनुदान सहायता के रूप में 17,000 करोड़ रुपये से अधिक प्राप्त होंगे।

रूडी ने रांची में भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘2014 से 2026 तक झारखंड को कर राजस्व के रूप में 3.14 लाख करोड़ रुपये और अनुदान के रूप में 1.04 लाख करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। वित्त वर्ष 2020-21 से जनवरी 2026 तक विभिन्न परियोजनाओं के लिए राज्य को 11,567 करोड़ रुपये की विशेष सहायता भी दी गई।’’

उन्होंने कहा कि 2014 से राज्य के लिए रेलवे बजट दोगुना कर दिया गया है और 2014 से 2023 के बीच हर साल 121 किलोमीटर रेल पटरी का निर्माण किया गया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 में झारखंड के लिए रेलवे का बजट 7,302 करोड़ रुपये आवंटित किया गया है। 2009 से 2014 के बीच राज्य के लिए बजट मात्र 457 करोड़ रुपये था।’’

रूडी ने कहा कि देवघर हवाई अड्डा चालू है, जबकि जमशेदपुर में हवाई अड्डे के जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, 3,600 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण, और 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं झारखंड के आर्थिक परिदृश्य को बदल रही हैं।’’

रूडी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट झारखंड को न केवल संसाधन प्रदान करता है, बल्कि दीर्घकालिक विकास के लिए दिशा और अवसर भी देता है, जिससे राज्य भारत के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में एक मजबूत साझेदार बन रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करेगा और राज्यों के विकास को तेज करेगा।’’

भाषा योगेश नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments