scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशजातीय हिंसा में घायल हुए विधायक की स्थिति बिगड़ी, हवाई मार्ग से दिल्ली ले जाया गया

जातीय हिंसा में घायल हुए विधायक की स्थिति बिगड़ी, हवाई मार्ग से दिल्ली ले जाया गया

Text Size:

चूड़ाचांदपुर/इंफाल, आठ फरवरी (भाषा) मणिपुर में 2023 में हुई जातीय हिंसा के दौरान घायल हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वुंगजागिन वाल्टे की स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें हवाई मार्ग से इंफाल से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ले जाया गया।

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह स्वयं इंफाल के बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे और थानलोन से विधायक वाल्टे से मुलाकात की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

वाल्टे पर चार मई, 2023 को इंफाल में एक भीड़ ने हमला कर दिया था। वह करीब दो साल तक दिल्ली में इलाज कराने के बाद अपने पैतृक स्थान लामका में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।

वाल्टे को हालांकि शनिवार शाम सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया तथा गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें पल्मोनरी एडिमा (फेफड़े में पानी भरना) हो गया है।

विधायक को चूड़ाचांदपुर से एंबुलेंस में इंफाल लाया गया और चिकित्सा उपचार के लिए विशेष विमान से दिल्ली ले जाया गया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज शाम बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर थानलोन एसी के माननीय विधायक श्री वुंगजागिन वाल्टे को विदाई देते हुए मैंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।’’

इस दौरान विधायक प्रेमचंद्र और टी रोबिंद्रो भी उपस्थित थे।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments