scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशन्यायमूर्ति जेबी कोशी आयोग की रिपोर्ट जारी एवं लागू की जाए : थियोडोसियस मार थोमा मेट्रोपॉलिटन

न्यायमूर्ति जेबी कोशी आयोग की रिपोर्ट जारी एवं लागू की जाए : थियोडोसियस मार थोमा मेट्रोपॉलिटन

Text Size:

पथनमथिट्टा (केरल), आठ फरवरी (भाषा) मलंकरा मार थोमा सीरियन चर्च के प्रमुख थियोडोसियस मार थोमा मेट्रोपॉलिटन ने रविवार को राज्य सरकार से न्यायमूर्ति जे बी कोशी आयोग की रिपोर्ट की सिफारिशों को जारी करने और इन्हें लागू करने का आग्रह किया।

वह कोझेंचरी में पम्पा नदी के रेतीले तट पर आयोजित वार्षिक धार्मिक सभा (131वां मारामोन सम्मेलन) का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।

न्यायमूर्ति जे बी कोशी आयोग को केरल में ईसाई अल्पसंख्यकों के शैक्षिक और आर्थिक पिछड़ेपन तथा कल्याण से संबंधित मुद्दों का अध्ययन करने के लिए नियुक्त किया गया था।

थियोडोसियस ने कहा कि पांच नवंबर, 2020 को गठित आयोग ने 2023 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी और अब इसे जारी किया जाना चाहिए तथा लागू किया जाना चाहिए, बशर्ते अधिकारी इस पर कार्रवाई करने के लिए तैयार हों।

उन्होंने कहा, ‘‘जब राज्य सरकार ने धर्म (ईसाई) शिक्षकों के लिए एक कल्याण कोष का सुझाव दिया, तो न्यायमूर्ति जे बी कोशी आयोग की सिफारिशों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इसे चर्च निकायों में राजनीतिक हस्तक्षेप का परोक्ष जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए।’’

थियोडोसियस ने इस बात पर जोर दिया कि मतदान के अधिकार का प्रयोग जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए, न कि इसे हल्के में लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब राज्य स्थानीय निकाय चुनावों के बाद विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ रहा है, एक समावेशी, समान अधिकारों का सम्मान करने वाली और आलोचना सुनने के लिए तैयार शासन प्रणाली आवश्यक है।’’

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments