मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को यहां टी20 विश्व कप अभियान के पहले मैच में नेपाल के बल्लेबाजों के अपने प्रमुख स्पिनर आदिल राशिद का सामना करने के तरीके पर हैरानी जताई।
पूर्व चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रन का लक्ष्य दिया और उलटफेर से बचते हुए चार रन से जीत हासिल की।
मैच के बाद ब्रूक ने कहा, ‘‘यह बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, शुक्र है कि हम जीत गए। वे बहुत अच्छा खेले। बहुत कम टीमें आदिल राशिद को इस तरह खेल पाती हैं जैसे उन्होंने खेला। मुझे लग रहा था हम इस स्कोर का आसानी से बचाव कर लेंगे लेकिन वे बहुत अच्छा खेले। मैं उन्हें बाकी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं। ’’
इंग्लैंड ने जैकब बेथेल और ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों के बाद विल जैक्स के 39 रन से सात विकेट पर 184 रन बनाए।
ब्रूक ने कहा, ‘‘बेथ शानदार खेला। वह जिस तरह से स्पिनरों के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहा था, वह बहुत अच्छा था। फिर मैंने बस कहा कि हम दो तीन विकेट लेते हैं और सब कुछ बदल जाएगा। हमारे पास बहुत सारे विकल्प हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘राशिद के खिलाफ उन्होंने इतने रन जुटा लिए। ऐसा अक्सर नहीं होता कि वह चार ओवर गेंदबाजी नहीं करे। मुझे यकीन है कि वह वापसी करेगा। ’’
नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने कहा कि वे सिर्फ टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं बल्कि एक या दो उलटफेर करने की कोशिश करेंगे जिसका सबूत इंग्लैंड के खिलाफ उनके जोश भरे प्रदर्शन में साफ दिखा।
उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मुझे उन पर बहुत गर्व है। जब हम इस विश्व कप में आए थे तो हम इस भरोसे के साथ आए कि हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए थे। हालांकि नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन कोशिश के मामले में हमने हर विभाग में शत प्रतिशत किया। आखिरी ओवर में सैम करन ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हम इसमें सुधार करेंगे। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
