scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशरेल परियोजनाओं को पूरा करने में बंगाल सरकार सहयोग करे : वैष्णव

रेल परियोजनाओं को पूरा करने में बंगाल सरकार सहयोग करे : वैष्णव

Text Size:

कोलकाता, आठ फरवरी (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को पश्चिम बंगाल सरकार से भूमि उपलब्ध कराने सहित राज्य में रेलवे परियोजनाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया।

वैष्णव ने बीरभूम के सिउरी और पश्चिम बर्धमान जिले के कुमारपुर में दो सड़क ओवरब्रिज का ऑनलाइन उद्घाटन करने और आसनसोल और झारखंड के बोकारो के बीच एमईएमयू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाने के बाद यह टिप्पणी की।

रेलमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास के लिए ‘‘धन की कोई कमी नहीं होगी’’। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार का सहयोग राज्य में चल रही विभिन्न रेलवे परियोजनाओं को पूरा करने में सहायक होगा।

रेल मंत्री ने कोलकाता मेट्रो के न्यू गड़िया-हवाई अड्डा खंड के लिए यहां चिंगरीघाटा क्रॉसिंग पर 366 मीटर लंबे वायडक्ट के निर्माण को लेकर एक साल से अधिक समय से चल रहे विवाद की ओर इशारा किया, जो शहर के आईटी हब, सॉल्ट लेक सेक्टर-5 से होकर गुजरता है।

वैष्णव ने कहा, ‘‘कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश और मेट्रो अधिकारियों द्वारा वैकल्पिक सड़क का निर्माण किए जाने के बावजूद, राज्य सरकार निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दे रही है।’’ उन्होंने कहा कि इस देरी से पश्चिम बंगाल के लोग प्रभावित हो रहे हैं।

रेलमंत्री ने कहा, ‘‘मैं पश्चिम बंगाल के विकास के लिए राज्य सरकार से हाथ जोड़कर सहयोग करने का अनुरोध करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि राज्य में कई रेलवे परियोजनाएं भूमि की अनुपलब्धता और स्थानीय अधिकारियों से आवश्यक अनुमतियां न मिलने के कारण ठप पड़ी हैं।

वैष्णव ने कहा कि पश्चिम बंगाल को वित्त वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट में रेलवे अवसंरचना और सुरक्षा परियोजनाओं के लिए 14,205 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में पटरी बिछाने, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा सुधार सहित कुल 92,974 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं।

वैष्णव ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के लिए एक दर्जन रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की ओर इशारा किया, जिसमें हावड़ा और कामाख्या (गुवाहाटी)के बीच चलने वाली भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस भी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने बार-बार रेखांकित किया है कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्वोदय (पूर्वी) राज्यों की प्रगति महत्वपूर्ण है।’’

रेलमंत्री ने कहा कि देश की सबसे पुरानी कोलकाता मेट्रो सेवा शुरू करने के 40 वर्षों के बाद भी केवल 28 किलोमीटर लंबी पटरियां ही बिछ पाई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में मात्र 11 वर्षों में 45 किलोमीटर पटरी जोड़ी गई।’’

वैष्णव ने कहा कि उत्तर बंगाल के ‘चिकन नेक’ गलियारे में एक भूमिगत रेल मार्ग का निर्माण किया जाएगा, ‘‘ताकि रणनीतिक समय के दौरान सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जा सके’’।

रेल मंत्री ने कहा कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली प्रस्तावित रेलवे लाइन के काम के लिए राज्य प्रशासन के सहयोग की जरूरत है जो अब तक नहीं मिला है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments