विजयपुर, आठ फरवरी (भाषा) कर्नाटक के विजयपुर जिले में रविवार दोपहर एक छोटा निजी विमान एक खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, विमान में सवार पायलट सहित दोनों लोग दुर्घटना से पहले ही उससे बाहर निकलने में सफल रहे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कलबुर्गी स्थित रेडबर्ड एविएशन का दो सीट वाला विमान विजयपुर के बाबलेश्वर तालुक के मंगलुरु गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि विमान में सवार दोनों व्यक्ति हादसे से पहले उससे बाहर निकलने में सफल रहे।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे में विमान के तीन टुकड़े हो गए।
उन्होंने बताया कि विमान में रेडबर्ड एविएशन के सहायक उड़ान प्रशिक्षक (एएफआई) कैप्टन कुणाल मल्होत्रा और प्रशिक्षु पायलट गौतम शंकर पीआर सवार थे।
सूत्रों के अनुसार, मल्होत्रा और शंकर को चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण विमान ने कलबुर्गी से बेलगावी के लिए उड़ान भरी थी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “रेडबर्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी लिमिटेड का सेसना-172 विमान, वीटी-ईयूसी (एमएसएन-17265717), बेलगावी हवाई अड्डे से 100 किलोमीटर पूर्व में बागलकोट के पास एक खेत में आपातकालीन स्थिति में उतरने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि प्रशिक्षक और प्रशिक्षु दोनों सुरक्षित हैं।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
