चंडीगढ़, सात फरवरी (भाषा) पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े हुई हत्या के सिलसिले में विदेश में रहने वाले एक गैंगस्टर समेत दो लोगों को नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को संदेह है कि हत्या के पीछे निजी दुश्मनी वजह हो सकती है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की एक शिकायत के आधार पर गैंगस्टर जोगराज सिंह उर्फ जोगा फोलरीवाल, दलबीरा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जालंधर कमिश्नरेट के डिवीजन छह थाने में मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट पोस्ट में जोगा ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस ने बताया कि हालांकि, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई दिया हमलावर और उसके साथी की अब तक पहचान नहीं हो पाई है और उन्हें ढूंढने के लिए पुलिस की कई टीम तैनात की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार तड़के जालंधर के मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ओबेरॉय को गोली मार दी। ओबेरॉय गुरुद्वारे में मत्था टेककर बाहर निकलने के बाद उन पर यह हमला हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही ओबेरॉय (43) गुरुद्वारे से बाहर आए और अपनी कार में बैठे, काले रंग की हुडी पहने हमलावर पैदल ही उनके पास आया, गोली चलाई और थोड़ी दूरी पर दोपहिया वाहन पर इंतजार कर रहे अपने एक साथी के साथ फरार हो गया।
पेशे से फाइनेंसर सतविंदरपाल सिंह उर्फ लक्की ओबेरॉय, जालंधर छावनी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के वार्ड प्रभारी थे।
एक अपुष्ट पोस्ट में विदेश में रहने वाले गैंगस्टर जोगा फोलरीवाल ने इस घटना की कथित तौर पर जिम्मेदारी ली है।
पोस्ट में ओबेरॉय पर कई आरोप लगाए गए हैं और इसका उल्लेख किया गया है कि यह घटना व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हुई। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि यह घटना एक कॉलेज के अध्यक्ष पद को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि जोगा फोलरीवाल और दलबीरा के खिलाफ ओबेरॉय की हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि जालंधर जिले के फोलरीवाल निवासी जोगा विदेश में है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ओबेरॉय व जोगा पहले दोस्त थे और फेसबुक पर एक पोस्ट में उन्हें केक साझा करते हुए देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हालांकि, खालसा कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष के चुनाव को लेकर उनके रिश्ते खराब हो गए।
ओबेरॉय के भाई दमनदीप सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में जोगा और दलबीरा का नाम लेते हुए दावा किया कि दोनों ने कुछ समय पहले उनके भाई को धमकी दी थी।
पुलिस ने बताया कि परिवार ने उस समय कथित धमकी के बारे में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
ओबेरॉय का अंतिम संस्कार शनिवार को जालंधर में किया गया।
पंजाब के मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना के बाद पंजाब के पुलिस महानिदेशक को जालंधर भेजा था।
परिवार के एक सदस्य द्वारा हत्या को लेकर राज्य सरकार की आलोचना करने पर भगत ने कहा कि ऐसी घटना के बाद परिवार का दुखी होना स्वाभाविक है।
विपक्षी कांग्रेस, अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की कड़ी आलोचना की तथा आरोप लगाया कि मान सरकार में पंजाब की कानून व्यवस्था चरमरा गई है।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
