चेन्नई, सात फरवरी (भाषा) तमिलनाडु में द्रमुक के साथ सत्ता में हिस्सेदारी की मांग कर रहे कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने आश्चर्य व्यक्त किया है कि द्रविड़ पार्टी की तुलना में अधिक वोट प्रतिशत वाली कांग्रेस की पुडुचेरी इकाई केंद्र शासित प्रदेश में गठबंधन का नेतृत्व क्यों नहीं कर सकती।
टैगोर ने दावा किया कि केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस को 26 प्रतिशत से अधिक वोट मिले हैं और उसके प्रदर्शन के लिए उसे (गठबंधन में) उचित मान्यता मिलनी चाहिए।
टैगोर की यह प्रतिक्रिया द्रमुक के पुडुचेरी चुनाव प्रभारी और लोकसभा सदस्य एस. जगतरक्षकन के इस सप्ताह की शुरुआत में केंद्र शासित प्रदेश जाने और वहां कांग्रेस नेताओं से मुलाकात न करने के बाद आई है।
विरुधुनगर के सांसद टैगोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गठबंधन में आठ प्रतिशत वोट पाने वाली पार्टी नेतृत्व करेगी या 26 प्रतिशत वोट पाने वाली पार्टी? गठबंधन में कांग्रेस पार्टी के बारे में अपमानजनक तरह की बातें क्यों की जानी चाहिए? अगर यह सिलसिला जारी रहा तो यह ठीक नहीं होगा।’’
पुडुचेरी और तमिलनाडु में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। पुडुचेरी में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाली राजग गठबंधन सरकार सत्ता में है।
भाषा शफीक रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
