रायपुर, छह फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद के दौरान छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के एक विधानसभा क्षेत्र से 719 मतदाताओं के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
पार्टी ने इसे ‘‘राजनीतिक साजिश’’ करार दिया।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव भवन’ में पत्रकारों से बात करते हुए, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अभनपुर से पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ने दावा किया कि इस क्षेत्र के 719 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं जबकि वे जीवित हैं और वर्षों से उन्हीं गांवों और वार्ड में रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और स्थानीय चुनाव अधिकारियों से शिकायत की है, जिसमें उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
साहू ने कहा कि यह मुद्दा ‘‘बेहद गंभीर और चिंताजनक’’ है, और आरोप लगाया कि एसआईआर के बहाने पूरे राज्य में मतदाताओं के नाम हटाने की बड़े पैमाने पर कोशिश की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया को जानबूझकर जटिल और तकनीकी बनाया गया है, जिससे आम नागरिकों, खासकर गरीबों, अल्पसंख्यकों, ग्रामीण निवासियों, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों के लिए इसे समझना मुश्किल हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित मतदाताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा था।
साहू ने कहा कि अभनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शुरुआती पड़ताल में पता चला कि हटाए गए मतदाता अब भी उसी इलाके में रहते हैं, और उनके नाम झूठी शिकायतों के आधार पर हटाए गए थे।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘यह कोई प्रशासनिक गलती नहीं है, बल्कि यह एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है।’’
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
