scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशकेंद्र ने नेटफ्लिक्स को ‘घूसखोर पंडत’ फिल्म का टीजर, अन्य प्रचार सामग्री हटाने को कहा: भाजपा

केंद्र ने नेटफ्लिक्स को ‘घूसखोर पंडत’ फिल्म का टीजर, अन्य प्रचार सामग्री हटाने को कहा: भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को फिल्म ‘‘घूसखोर पंडत’ का टीजर और अन्य प्रचार सामग्री सोशल मीडिया से हटाने के लिए कहा है।

इस हफ्ते की शुरुआत में फिल्म की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है, जिसमें कई उपयोगकर्ताओं ने फिल्म के शीर्षक को ‘जातिवादी’ और आपत्तिजनक बताया है। इस विवाद के कारण उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हजरतगंज थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, जबकि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक शिकायत के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए केंद्र ने नेटफ्लिक्स को फिल्म का टीजर और अन्य सभी प्रचार सामग्री हटाने के लिए कहा है। इस तरह का कोई भी कृत्य, जो किसी भी समाज के विरुद्ध है, पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्र के त्वरित और प्रभावी निर्णय का हार्दिक अभिनंदन! ‘घूसखोर पंडत’ फिल्म जैसी अपमानजनक सामग्री को न केवल प्लेटफॉर्म से हटवाया गया है, बल्कि इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।’’

उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट संदेश है कि सनातन धर्म का अपमान अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘व्यावसायिक लाभ के लिए किसी भी जाति या समुदाय को नीचा दिखाने वालों के खिलाफ हम सख्त से सख्त कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ ही हमारा आधार है।’’

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments