नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने लापता लड़कियों से जुड़ी खबरें बढ़ा-चढ़ा कर प्रसार करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और कहा कि पैसों के लिए दहशत फैलाने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता हुए, यानी प्रतिदिन औसतन 54 लोग लापता हुए। इनमें से 509 महिलाएं और लड़कियां तथा 298 पुरुष हैं। लापता लोगों में से 191 नाबालिग और 616 वयस्क हैं।
दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुछ सुरागों के आधार पर उन्हें पता चला कि दिल्ली में लापता लड़कियों की संख्या पैसे देकर बढ़ा-चढ़ा कर प्रचारित करायी गयी। पैसों के लिए दहशत फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस ने लोगों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा कि ‘‘घबराहट या भयभीत होने का कोई कारण नहीं है’’ क्योंकि आंकड़े असल में पिछले वर्षों की इसी अवधि की तुलना में (गुमशुदगी के मामलों में) गिरावट को दर्शाते हैं।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
