scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमदेशआईआईटी की सेवानिवृत्त कर्मचारी से 4.62 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, दो लोग गिरफ्तार

आईआईटी की सेवानिवृत्त कर्मचारी से 4.62 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, दो लोग गिरफ्तार

Text Size:

मुंबई, छह फरवरी (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बंबई की 74 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी से सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) की कार्रवाई की धमकी देकर 4.62 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला पहले आईआईटी, बंबई में चिकित्सा अधिकारी के रूप में काम करती थीं।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि नरेंद्र सिन्हा और गुंजन देवकुमार दिनेशचंद्र को साइबर अपराधियों के साथ मिलीभगत कर बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पीड़िता को पहले एक व्यक्ति का वीडियो कॉल आया जिसने स्वयं को दूरसंचार विभाग का अधिकारी बताया। उसके बाद एक अन्य आरोपी ने आईपीएस अधिकारी होने का नाटक करते हुए पीड़िता पर आरोप लगाया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग करके एक बैंक खाता खोला गया था जिसका इस्तेमाल छह करोड़ रुपये के धन शोधन के लिए किया गया था।’’

महिला को बताया गया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी की आशंका है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दबाव में आकर महिला ने समय से पहले अपनी सावधि जमा और अन्य जमा राशि निकाल ली तथा अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच साइबर अपराधियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में 4.62 करोड़ रुपये हस्तांतरित कर दिए। धोखाधड़ी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।’’

उन्होंने बताया कि धन के लेन-देन की जांच में सिन्हा और दिनेशचंद्र पर ध्यान केंद्रित किया गया जिन्होंने कई बैंक खाते खोले थे और उन्हें साइबर जालसाजों को मुहैया कराया था। साइबर प्रकोष्ठ ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

भाषा

गोला सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments