गिरिडीह, पांच फरवरी (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में दो आदिवासी लड़कियों के साथ बलात्कार करने के आरोप में चार नाबालिग समेत आठ लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 25 जनवरी की रात को खुखरा पुलिस थाना क्षेत्र में घटी, जब दोनों लड़की ‘जात्रा’ देखने के बाद घर लौट रही थीं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विमल कुमार ने बताया कि 12 और 17 वर्ष की दो लड़कियों के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि उप-विभागीय पुलिस पदाधिकारी (डुमरी) सुमित प्रसाद के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने इस अपराध में संलिप्तता के आरोप में चार पुरुषों को गिरफ्तार किया है और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
उन्होंने दावा किया कि सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि नाबालिगों को बाल सुधार गृह में रखा गया है।
एसडीपीओ ने कहा, ‘दोनों लड़कियां चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ हैं।’
एसपी ने बताया कि तकनीकी निगरानी के अलावा, खोजी कुत्तों और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम द्वारा उपलब्ध कराए गए सुरागों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया।
उन्होंने कहा, ‘हमने घटनास्थल से एक आरोपी द्वारा छोड़ी गई एक जोड़ी जींस भी बरामद की है।’
भाषा राखी पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
