scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमदेशभारत ने डोभाल और रुबियो की मुलाकात की खबर को खारिज किया

भारत ने डोभाल और रुबियो की मुलाकात की खबर को खारिज किया

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) भारत ने मीडिया में प्रकाशित उस खबर को बृहस्पतिवार को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल पिछले सितंबर में व्यापार समझौते पर बातचीत फिर से शुरू करने के लिए वाशिंगटन गये थे और उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से कहा था कि भारत किसी की धमकी के आगे नहीं झुकेगा।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने यहां ​​कहा कि डोभाल ने अमेरिका की ऐसी कोई यात्रा नहीं की थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘ब्लूमबर्ग की खबर के संबंध में, मैं कहना चाहूंगा कि उस खबर का कोई आधार नहीं है। ऐसी कोई बैठक या ऐसी कोई यात्रा नहीं हुई है।’’

वह मीडिया की इस रिपोर्ट से संबंधित एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

खबर के अनुसार डोभाल ने सितंबर की शुरुआत में अपनी यात्रा के दौरान वाशिंगटन में रूबियो से मुलाकात की थी और कहा था कि दोनों देशों को अपने संबंधों में मौजूद कटुता को पीछे छोड़कर व्यापार समझौते पर बातचीत फिर से शुरू करनी चाहिए।

इसमें दावा किया गया है कि डोभाल ने रुबियो से यह भी कहा था कि भारत अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके शीर्ष सहयोगियों की धमकियों के आगे नहीं झुकेगा और नयी दिल्ली ट्रंप का कार्यकाल समाप्त होने तक इंतजार करने को तैयार है।

भारत-अमेरिकी संबंध उस समय तनावपूर्ण हो गये थे, जब ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत का भारी टैरिफ (शुल्क) लगाया था, जिसमें रूसी कच्चे तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क भी शामिल था।

इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ट्रंप के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने घोषणा की थी कि व्यापार समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया जायेगा।

भाषा

देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments