कोलंबो, पांच फरवरी (भाषा) सह मेजबान श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बृहस्पतिवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) से 15 फरवरी को होने वाले बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करने के फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया क्योंकि इससे टी20 विश्व कप के सभी हितधारकों को भारी नुकसान होगा।
पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ इस बड़े मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की है। बांग्लादेश ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से कम खतरे की आशंका के बावजूद भारत में चिंताओं का हवाला देते हुए विश्व कप से नाम वापस ले लिया था।
अब एसएलसी द्वारा पीसीबी को पत्र लिखे जाने के बाद इस मामले में एक नया मोड़ आ सकता है।
एसएलसी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि उसकी कार्यकारी समिति की मंगलवार को बैठक हुई और उसने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखने का फैसला किया जिसमें पाकिस्तानियों से उनके विवादास्पद फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया गया। यह पत्र आखिरकार बृहस्पतिवार को भेजा गया।
पत्र में एसएलसी ने पीसीबी को पर्यटन पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव के बारे में चेतावनी दी जिसमें होटल बुकिंग रद्द होना, फ्लाइट के टिकट रद्द होना और साजो-सामान के आपूर्तिकर्ताओं को होने वाली असुविधाएं शामिल हैं।
एसएलसी ने पत्र में यह भी बताया कि वह प्रेमदासा स्टेडियम में मैच की मेजबानी करने के लिए तैयार है जिसके सभी टिकट बिक चुके हैं।
न्यूजवायर के अनुसार एसएलसी ने पीसीबी को चेतावनी दी कि इस तरह के बड़े मैच से हटने के दूरगामी परिणाम होंगे जिसमें बड़ा वित्तीय नुकसान, अपेक्षित पर्यटन राजस्व का नुकसान और व्यापक आर्थिक गिरावट शामिल है।
पत्र में एसएलसी ने पीसीबी को यह भी याद दिलाया कि उसने चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील परिस्थितियों में, जिसमें गंभीर सुरक्षा घटनाओं वाले समय भी शामिल थे और जब दूसरे क्रिकेट देश ऐसा करने में हिचकिचा रहे थे तब कई बार पाकिस्तान का दौरा करके पाकिस्तान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय अलगाव से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
यह उस समय की बात थी जब 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकवादी हमले के बाद देशों ने पाकिस्तान का दौरा करना बंद कर दिया था।
श्रीलंका की समाचार वेबसाइट के अनुसार एसएलसी ने कहा कि उसे उम्मीद है कि आपसी सहयोग की यही भावना बनी रहेगी।
बृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ किया कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए कोलंबो जाएगी जबकि पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने एक अलग बातचीत में कहा कि उनकी टीम अपनी सरकार के निर्देश का पालन करेगी।
आईसीसी प्रतियोगिता में भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने से 25 करोड़ डॉलर तक का नुकसान हो सकता है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
