scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमदेशगुंजन हत्याकांड की विवेचना तीन दिन में हुई पूरी, शुक्रवार को दाखिल किया जायेगा आरोपपत्र

गुंजन हत्याकांड की विवेचना तीन दिन में हुई पूरी, शुक्रवार को दाखिल किया जायेगा आरोपपत्र

Text Size:

देहरादून (उत्तराखंड), पांच फरवरी (भाषा) देहरादून के व्यस्त मच्छी बाजार में दिनदहाड़े हुई एक युवती की नृशंस हत्या की जांच के लिए गठित विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) ने केवल तीन दिन में अपनी विवेचना पूरी कर ली है और आरोपी आकाश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सोमवार को 22 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव की कथित तौर पर आरोपी द्वारा धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गयी थी जिससे पूरा शहर सन्न रह गया था ।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार के पर्यवेक्षण में गठित एसआईटी द्वारा विवेचनात्मक कार्यवाही पूरी कर ली गयी है।

उन्होंने बताया कि 35 गवाहों को शामिल करते हुए आरोपी के विरूद्ध आरोपपत्र तैयार किया गया है जो शुक्रवार को न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि देहरादून पुलिस मामले की त्वरित सुनवाई किए जाने की पैरवी करेगी और अदालत में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी के लिए ‘दुर्लभतम’ श्रेणी के तहत कठोरतम सजा की मांग करेगी ।

एसएसपी ने बताया कि दो फरवरी को हुए गुंजन हत्याकांड की संवेदनशीलता को देखते हुए एसआईटी गठित की गयी थी जिसने घटनास्थल एवं उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेजों को खंगालने के साथ ही मौके पर फारेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्यों का संकलन किया।

उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त आरोपी की स्कूटी को कब्जे में लेते हुए उसके आने-जाने के रास्ते चार्ट बनाया गया तथा घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद गवाहों एवं घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के तत्काल बयान दर्ज किये गये।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त चापड़, घटना के समय उसके द्वारा पहने गये कपड़ों, जूतों तथा हेलमेट को, जिन पर मृतका का खून लगा था, तथा मृतका के कपड़ों को परीक्षण हेतु अपराध विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जायेगा।

उन्होंने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम, विशेषज्ञ डाक्टरों के पैनल के माध्यम से करवाया गया ।

एसएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चश्मदीदों समेत 35 गवाहों के बयानों, मौके से प्राप्त भौतिक तथा फारेंसिक साक्ष्यों को आरोपपत्र में शामिल किया गया है।

बाजार में अलग-अलग दुकानों पर काम करने वाले आकाश और गुंजन के बीच कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था लेकिन आरोपी के विवाहित होने की बात पता चलने के बाद गुंजन ने उससे बात करनी बंद कर दी थी जो उसे पसंद नहीं आयी।

घटना से दो दिन पहले भी गुंजन ने आरोपी युवक द्वारा उसे परेशान किए जाने के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद से पुलिस उसे लगातार ढूंढ रही थी। हालांकि, पुलिस द्वारा ढूंढे जाने की जानकारी मिलने पर वह अपना मोबाइल फोन बंद करके अपने घर से गायब हो गया तथा दुकान पर भी नहीं गया ।

लेकिन दो दिन बाद आकाश ने कथित तौर पर चापड़ से हमला कर गुंजन की हत्या कर दी । वारदात के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने मच्छी बाजार, पल्टन बाजार और उसके आसपास के सभी बाजार बंद कर दिए थे ।

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments