चक्रधरपुर (झारखंड), पांच फरवरी (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के टुनिया रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार को हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस में ‘हॉट एक्सल’ का समय पर पता चलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) आदित्य कुमार चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि साउथ ईस्टन रेलवे जोन के चक्रधरपुर रेलवे मंडल के अंतर्गत सोनुआ रेलवे स्टेशन पर रेलवेकर्मियों ने ट्रेन से धुआं निकलते देखा।
उन्होंने कहा, “’हॉट एक्सल’ के कारण निकले धुएं का समय रहते पता चल गया था। ट्रेन को निरीक्षण के लिए अगले स्टेशन टुनिया में रोक दिया गया।”
चौधरी ने बताया कि तकनीकी जांच के बाद वंदे भारत ट्रेन को आगे की यात्रा जारी रखने की अनुमति न देने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया, “ट्रेन को टुनिया स्टेशन पर मरम्मत के लिए रोका गया था। लगभग 250 यात्रियों को हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस में बैठाकर राउरकेला (ओडिशा) ले जाया गया, जो ट्रेन का अगला निर्धारित पड़ाव था।”
रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलता हुआ देखा गया था।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
