scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमदेशभारत-एआई शिखर सम्मेलन के लिए एनडीएमसी ने कसी कमर

भारत-एआई शिखर सम्मेलन के लिए एनडीएमसी ने कसी कमर

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) राष्ट्रीय राजधानी में ऐतिहासिक ‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ की मेजबानी करने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य शुरू कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि परिषद ने लुटियंस दिल्ली में 41 प्रमुख मार्गों की पहचान की है, जहां दृश्य स्वच्छता, धूल रहित सड़कों, सुव्यवस्थित फुटपाथ, चालू स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालयों पर व्यापक ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया, ‘‘शहरी परिवेश, निर्माण क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों में मोटर चालकों का मार्गदर्शन करने, लेन परिभाषित करने और खतरों को चिह्नित करने के लिए इन मार्गों पर सीमा अंकन और सौर ऊर्जा से चलने वाले ऊंचे फुटपाथ मार्कर लगाए जाएंगे।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस उद्देश्य के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि तैयारियों के तहत, एनडीएमसी अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली कई प्रमुख इमारतों को रोशन करने की योजना बना रहा है, जिससे सूर्यास्त के बाद प्रमुख क्षेत्रों में अधिक रोशनी और जीवंतता आएगी।

एक अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय स्वच्छता अभियान के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को दिन भर साफ रखने के लिए विशेष रूप से रात और और सुबह-सुबह सफाई कराई जा रही है।

‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में किया जाएगा।

एनडीएमसी 24 घंटे संचालित होने वाले नियंत्रण कक्ष से स्वच्छता, यातायात समन्वय, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया की वास्तविक समय में निगरानी करेगी।

अधिकारी ने बताया कि यह नियंत्रण कक्ष समन्वय के एकल केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिससे अधिकारियों को शिकायतों या अप्रत्याशित समस्याओं का तुरंत समाधान करने में सहायता मिलेगी।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments