नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवीएल) ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 3,483 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया है। लक्जरी वाहन इकाई जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) में हुई साइबर घटना से इसके नतीजे गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 5,485 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
टाटा समूह की कंपनी टीएमपीवीएल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय घटकर 70,108 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 94,472 करोड़ रुपये थी।
आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 74,880 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 89,698 करोड़ रुपये था।
कंपनी के मुताबिक, बीती तिमाही में उसे कुल 1,600 करोड़ रुपये का असाधारण खर्च उठाना पड़ा। इसमें जेएलआर में हुई साइबर घटना से जुड़े 800 करोड़ रुपये, नए श्रम कानून लागू होने से संबंधित 400 करोड़ रुपये और स्टाम्प शुल्क के 400 करोड़ रुपये शामिल हैं।
टीएमपीवीएल ने कहा कि ब्रिटिश इकाई जेएलआर में हुई साइबर घटना का असर तिमाही के दौरान बना रहा। हालांकि, घरेलू बाजार में इसका प्रदर्शन तिमाही आधार पर बेहतर रहा। घरेलू कारोबार को अधिक बिक्री मात्रा और प्रोत्साहनों से भी समर्थन मिला।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
