तिरुवनंतपुरम, पांच फरवरी (भाषा) केरल में विपक्ष ने बृहस्पतिवार को शबरिमला ‘‘सोना चोरी’’ मामलों में आरोपपत्र दाखिल करने में देरी के पीछे राज्य सरकार की साजिश का आरोप लगाया, और दावा किया कि इसी वजह से आरोपियों को जमानत मिल गई।
विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को मिली जमानत एक बड़ी साजिश का हिस्सा थी।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह सुनिश्चित करने के लिए साजिश हो रही है कि गिरफ्तार सभी लोग रिहा हो जाएं, और पोट्टी को मिली जमानत इसी साजिश का हिस्सा है।’’
सतीशन ने दावा किया, ‘‘जब सभी गिरफ्तार लोग जेल से बाहर आ जाएंगे, तो इकट्ठा किए गए सबूत नष्ट कर दिए जाएंगे।’’
कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) इस मुद्दे को विधानसभा में उठा रहा है, और आरोप लगा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय के दखल से इस मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) के काम पर असर पड़ा है।
विपक्ष के नेता ने दावा किया कि इस मामले में गिरफ्तार माकपा नेताओं को भी जल्द ही जमानत मिल जाएगी।
इस बीच, माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन ने सतीशन पर ‘‘तथ्यों को छिपाकर जनता को गुमराह करने’’ का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह जानते हुए कि मामला वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की ओर बढ़ रहा है, वे (कांग्रेस) जानबूझकर दखल दे रहे हैं।’’
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बी. गोपालकृष्णन ने आरोप लगाया कि एक मंत्री को बचाने के लिए तंत्री कंडरारू राजीव को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने दावा किया कि तंत्री को मुख्य आरोपी के तौर पर पेश करने की कोशिश की जा रही है।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
