scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशअर्थजगतवित्त वर्ष 2024-25 में आइकिया का घाटा बढ़कर 1,325.2 करोड़ रुपये, राजस्व 3.33 प्रतिशत घटा

वित्त वर्ष 2024-25 में आइकिया का घाटा बढ़कर 1,325.2 करोड़ रुपये, राजस्व 3.33 प्रतिशत घटा

Text Size:

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) स्वीडन की ‘फर्नीचर’ एवं ‘होम फर्निशिंग’ कंपनी की भारतीय इकाई आइकिया इंडिया का वित्त वर्ष 2024-25 में कुल घाटा बढ़कर 1,325.2 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व 3.33 प्रतिशत घटकर 1,749.50 करोड़ रुपये रहा।

‘टोफ्लर’ के माध्यम से हासिल वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी की कुल आय 3.9 प्रतिशत घटकर 1,780.10 करोड़ रुपये रह गई।

बाजार विशेषज्ञ कंपनी ‘टोफ्लर’ व्यवसायों के वित्तीय, जोखिम एवं कॉरपोरेट जानकारी का विस्तृत विश्लेषण प्रदान करती है।

वित्त वर्ष 2023-24 में आइकिया इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का शुद्ध घाटा 1,299.40 करोड़ रुपये था जबकि राजस्व 1,809.80 करोड़ रुपये रहा था।

वहीं 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में आइकिया इंडिया का विज्ञापन एवं बिक्री प्रोत्साहन पर खर्च 14.06 प्रतिशत बढ़कर 223.9 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले 196.3 करोड़ रुपये था।

आइकिया के वर्तमान में हैदराबाद, नवी मुंबई और बेंगलुरु में तीन बड़े ‘स्टोर’ हैं जबकि वर्ली और नयी दिल्ली में उसके दो ‘सिटी स्टोर’ हैं। कंपनी गुरुग्राम और नोएडा में दो स्टोर खोलकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रवेश के लिए करीब 7,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।

इन विकासों के साथ आइकिया की एफडीआई सीमा लगभग पूरी हो चुकी है।

वर्ष 2013 में सरकार ने आइकिया को 10 वर्ष में संबद्ध बुनियादी ढांचे के साथ 10 स्टोर स्थापित करने के लिए 10,500 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

तमिलनाडु में अपनी पिछले महीने ऑनलाइन बिक्री की शुरुआत के अवसर पर आइकिया इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पैट्रिक एंटोनी ने चेन्नई में कहा था कि कंपनी भारत में अपने निवेश को बढ़ाएगी।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments