scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशउप्र: अतिक्रमण हटाने गई पुलिस, राजस्व कर्मियों पर पथराव, आठ लोग घायल

उप्र: अतिक्रमण हटाने गई पुलिस, राजस्व कर्मियों पर पथराव, आठ लोग घायल

Text Size:

बलिया (उप्र), चार फरवरी (भाषा) बलिया जिले में अतिक्रमण रोधी अभियान के लिए पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव किया। इस घटना में पांच पुलिस कर्मियों और तीन राजस्व अधिकारियों सहित आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

घटना मंगलवार को उस समय हुई जब पुलिस और राजस्व विभाग की टीम खेजुरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हथौज गांव में एक तालाब के किनारे अवैध अतिक्रमणों को हटाने गई थी।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि यह कार्रवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर की गई थी।

उन्होंने बताया कि सिकंदरपुर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में तहसीलदार, राजस्व अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की एक संयुक्त टीम तालाब के किनारे अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए गांव पहुंची तभी कुछ स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर दूसरों के बहकावे में आकर अचानक टीम पर पत्थर फेंके और बलवा किया।

थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि इस घटना में पांच पुलिस कर्मी और तीन राजस्व कर्मी सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दो नामजद व्यक्तियों और लगभग 150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ खेजुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा सं जफर अमित सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments