जम्मू, चार फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में एक गुफा में छिपे जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादियों पर सुरक्षा बल अंतिम प्रहार करने की तैयारी कर रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि रात के दौरान कोई गोलीबारी नहीं हुई।
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे रामनगर के जाफर वन क्षेत्र में सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दस्ते ने गुफा के अंदर आतंकवादियों का पता लगाया, जिसके बाद एक घंटे से अधिक समय तक मुठभेड़ होती रही।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी घायल हुआ, लेकिन अपने साथी के साथ गुफा में चला गया।
अधिकारियों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े सात बजे आतंकवादियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद इलाके में फिर से गोलीबारी और जोरदार धमाके हुए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए पैराट्रूपर्स और श्वान दस्ते सहित सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि रात में गोलीबारी नहीं हुई और सुरक्षा बलों ने ड्रोन के जरिये इलाके, खासकर गुफा के आसपास कड़ी निगरानी बनाए रखी।
उन्होंने बताया कि गुफा में छिपे आतंकवादियों द्वारा आत्मसमर्पण करने से इनकार किए जाने के बाद उनके खिलाफ अंतिम प्रहार की तैयारी की जा रही है।
भाषा खारी अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
