scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशमोमोज प्रकरण: चोरी का सामान बरामद, बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया, दो आरोपी गिरफ्तार

मोमोज प्रकरण: चोरी का सामान बरामद, बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया, दो आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

देवरिया (उप्र), तीन फरवरी (भाषा) देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र में कथित रूप से सातवीं कक्षा के एक विद्यार्थी को बहला-फुसलाकर उससे 85 लाख रुपये के जेवरात ले लेने को लेकर पुलिस ने मंगलवार को एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया एवं दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा इन आभूषणों को बरामद किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

आरोप है कि आरोपियों ने विद्यार्थी को मोमोज देने के बदले उसे अपने घर से इन जेवरात की चोरी के लिए उकसाया था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार रेड्डी ने बताया कि दो फरवरी को दर्ज मुकदमे में वादी विमलेश कुमार मिश्र ने आरोप लगाया कि पिछले माह 25 जनवरी को उसके बेटे ने चुपके से घर से तकरीबन 85 लाख रुपये मूल्य के आभूषण रामपुर कारखाना कस्बे के दीपक कुमार और राकेश के प्रभाव में आकर उन्हें दे दिये थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने राकेश एवं लीलावती को गिरफ्तार किया तथा बाल अपचारी दीपक को हिरासत में लिया।

अधिकारियों ने बताया कि राकेश और बाल अपचारी मोमो का स्टॉल चला रहे थे, जबकि लीलावती भी इस गलत काम में शामिल थी।

उन्होंने बताया कि राकेश की निशानदेही पर उसके घर से दो कंगन, दो पाजेब, दो पायल, 10 बिछिया सफेद धातु तथा लीलावती की निशानदेही पर जमीन में गाड़ कर रखे गये एक गले का हार, एक अदद मांग का टीका, नथ इत्यादि तथा साढ़े 11 ग्राम का सोने का सिक्का एक सोनार की दुकान से बरामद किया, जिसे अभियुक्त द्वारा कुछ दिन पूर्व बेच दिया गया था।

रेड्डी ने बताया कि इस मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, विद्यार्थी को बार-बार मोमोज खाने की आदत पड़ गई थी। जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो स्टॉल वालों ने कथित तौर पर उसे मोमोज के बदले घर से गहने लाने के लिए राजी किया। कई दिनों तक उसने करीब 85 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने सौंप दिए।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments