scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशअर्थजगतमजबूत वैश्विक संकेतों, कमजोर डॉलर के कारण तीन दिन की गिरावट के बाद सोने, चांदी में तेजी

मजबूत वैश्विक संकेतों, कमजोर डॉलर के कारण तीन दिन की गिरावट के बाद सोने, चांदी में तेजी

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) मजबूत वैश्विक संकेतों और कमजोर डॉलर के बीच चांदी और सोने की कीमतों में तीन दिन की तेज गिरावट का माहौल मंगलवार को खत्म हो गया और राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में इनमें मजबूत उछाल आया। इस दौरान चांदी 24,000 रुपये बढ़कर 2.84 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई तथा सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की ऊंचाई पर जा पहुंचा।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतें 24,000 रुपये, या 9.23 प्रतिशत बढ़कर 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गईं। सोमवार को यह 52,000 रुपये की गिरावट के बाद 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

यह उछाल तीन दिन की तेज गिरावट के बाद आया, जिसमें चांदी की कीमतें 1,44,500 रुपये, या लगभग 36 प्रतिशत गिरकर 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम से नीचे आ गईं – जो 29 जनवरी को दर्ज किया गया इसका आज तक का सबसे ऊंचा स्तर था।

सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 5,000 रुपये, या 3.3 प्रतिशत बढ़कर 1,57,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो सोमवार के बंद भाव 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक है।

तेजी के दौर के बाद निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली की होड़ बढ़ने के कारण सोना 29 जनवरी को अपने रिकॉर्ड उच्चस्तर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से 30,300 रुपये, या लगभग 17 प्रतिशत गिर गया था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोने ने मंगलवार को अपने हाल के कुछ नुकसान की भरपाई की, जब रिकॉर्डतोड़ तेजी के बाद तेज गिरावट आई थी। इससे कीमतें चार सप्ताह के निचले स्तर पर आ गई थीं। चांदी में भी तेजी आई, जिसे दो दिन की भारी बिकवाली के बाद लिवाली का समर्थन मिला।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments