scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशअर्थजगतदवा कारोबार के दिग्गजों ने कहा, आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में बदला उत्तर प्रदेश का परिदृश्य

दवा कारोबार के दिग्गजों ने कहा, आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में बदला उत्तर प्रदेश का परिदृश्य

Text Size:

लखनऊ, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित राज्‍य के पहले दवा सम्मेलन में मंगलवार को देश और दुनिया की दिग्गज फार्मा कंपनियों के चेयरमैन व शीर्ष नेतृत्व ने खुलकर राज्य की बदलती तस्वीर, मजबूत शासन व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल की सराहना की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया कि सम्मेलन के दौरान उद्योग जगत के दिग्गजों ने एक स्वर में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बुनियादी और संरचनात्मक बदलाव किए हैं, जो न केवल राज्य बल्कि पूरे देश को दिशा देने वाले साबित हो रहे हैं।

बयान के अनुसार राज्यसभा सदस्य एवं रामकी समूह के चेयरमैन अयोध्या रामी रेड्डी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो बुनियादी परिवर्तन देखने को मिले हैं, वे अभूतपूर्व हैं। उत्तर प्रदेश जो है और जो होने जा रहा है, सबकी रूपरेखा मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट कर दिया है।

उन्होंने कहा कि यह न केवल राज्य, बल्कि देश को भी नई दिशा दिखाएगा।

रेड्डी ने अपने चार दशक के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पिछले 40 वर्षों में उन्होंने राज्य में ऐसा सकारात्मक माहौल पहले कभी नहीं देखा।

टोरेंट ग्रुप के उपाध्यक्ष जीनल मेहता ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में सुगमता से कारोबार और कानून-व्‍यवस्‍था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मैनकाइंड फार्मा के चेयरमैन और मेरठ के मूल निवासी रमेश जुनेजा ने कहा कि आज देर रात भी प्रदेश में लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं, यही वजह है कि निवेशक यहां आ रहे हैं और लगातार निवेश कर रहे हैं।

डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के चेयरमैन सतीश रेड्डी ने कहा कि फार्मा क्षेत्र में भारत की भूमिका वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है, जिसका उदाहरण कोविड काल में देखने को मिला।

पद्मश्री से सम्मानित और सन फार्मास्युटिकल के चेयरमैन दिलीप सांघवी ने कहा कि आज सन फार्मा देश की सबसे बड़ी और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी फार्मा कंपनी है। उत्तर प्रदेश ऐसा प्रदेश है, जहां पर हम अपनी विनिर्माण लगाना चाहते हैं।

भाषा आनन्‍द रवि कांत योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments