कोलकाता, तीन फरवरी (भाषा) दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क इलाके में दो गुटों के बीच झड़प के सिलसिले में पुलिस ने मंगलवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया जिससे इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 14 हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि रविवार रात हुई झड़प के दौरान बम फेंके गए और गोलीबारी की गई जिसमें दो लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना को लेकर जारी जांच के तहत दो और तीन फरवरी की दरमियानी रात को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।’’
उन्होंने कहा, “जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर गिरफ्तारियां की गई हैं। फिलहाल और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।”
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:30 बजे कंकुलिया रोड पर हिंसा भड़क उठी, जब दूसरे इलाके के कुछ युवक मोहल्ले में घुस आए और स्थानीय निवासियों ने उनका विरोध किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों तरफ से पथराव हुआ जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
भाषा तान्या संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
