scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशजदयू के अनंत सिंह ने बिहार के विधायक के रूप में शपथ ली, जेल वाहन से लाया गया विधानसभा

जदयू के अनंत सिंह ने बिहार के विधायक के रूप में शपथ ली, जेल वाहन से लाया गया विधानसभा

Text Size:

पटना, दो फरवरी (भाषा) अपराध की दुनिया से राजनीति में आए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता अनंत कुमार सिंह को बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलाने के लिए मंगलवार को जेल वाहन से सदन लाया गया।

मोकामा से विधायक सिंह को पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले गिरफ्तार किया गया था। उन्हें प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर दुलार चंद यादव की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यादव, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के स्थानीय उम्मीदवार का समर्थन कर रहा था।

सिंह को अब तक जमानत नहीं मिल सकी है। उन्हें पैरोल पर विधानसभा आने की अनुमति दी गई थी।

शपथ ग्रहण के बाद सिंह ने अपने राजनीतिक गुरु एवं राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छुए। इसके बाद वे वापस जेल वाहन में बैठ गए।

विधानसभा परिसर से रवाना होने से पहले उन्होंने बाहर मौजूद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की।

कुछ समय के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से जुड़े रहे सिंह ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, “उनकी राजनीतिक हैसियत खत्म हो चुकी है। अगली बार उन्हें किसी और पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ना पड़ सकता है।”

भाषा कैलाश सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments