नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली में एक महिला से सोने के गहने और नकदी ठगने के आरोप में 40 वर्षीय एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने ‘जीपीएस डिवाइस’ का इस्तेमाल करके आरोपी के वाहन की आवाजाही पर नजर रखी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी राहुल को रविवार को मॉडल टाउन इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, राहुल एक आदतन अपराधी है जो लूटपाट, झपटमारी, चोरी और गैर इरादतन हत्या सहित नौ मामलों में शामिल है। वह सात अलग-अलग मामलों में भगोड़ा भी है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर पश्चिम) भीष्म सिंह ने एक बयान में कहा, ‘उसने आसानी से पैसा कमाने के लिए ऐसे अपराध किए।’
यह घटना 18 जनवरी को हुई जब 55 वर्षीय एक महिला अपने घर से उत्तम नगर जा रही थी। हैदरपुर बस स्टैंड पर इंतजार करते समय एक कार में सवार लोगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर उसे लिफ्ट देने की पेशकश की।
जैसे ही वह वाहन में सवार हुई, आरोपियों ने उसे ‘सत्यापन’ के लिए अपने सोने के गहने और नकदी सौंपने के लिए राजी किया, यह कहते हुए कि वे अपना पैसा भी जमा कर रहे हैं।
महिला ने सोने की दो अंगूठियां, दो झुमके और 5,000 रुपये नकद सौंप दिए। कुछ ही देर बाद, आरोपी ने उसे जल्दी से उतरने को कहा और एक लिफाफा देते हुए दावा किया कि बैंक अधिकारी आ गए हैं।
जांच करने पर महिला को लिफाफे में केवल कागजात ही मिले, जबकि आरोपी उसका सामान लेकर फरार हो गए। बाद में महिला ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया और अपराध में इस्तेमाल की गई कार का पता लगाया। वाहन की गतिविधियों पर गुप्त रूप से नजर रखने के लिए उसमें एक ‘जीपीएस ट्रैकिंग डिवाइस’ लगाया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘जीपीएस डिवाइस के माध्यम से प्राप्त वास्तविक समय के लोकेशन (स्थान) की जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार किया गया।’
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान राहुल ने मनोज और अमित नाम के दो अन्य लोगों के साथ इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अधिकारी ने बताया कि शेष संदिग्धों को गिरफ्तार करने और चोरी की गई वस्तुओं को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
