(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल की मुख्मंत्री ममता बनर्जी के इस दावे का सोमवार को खंडन किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से प्रभावित उनके राज्य के लोगों को राष्ट्रीय राजधानी में परेशान किया जा रहा है। इसने कहा कि दिल्ली स्थित बंग भवन के बाहर जवानों की तैनाती सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थी।
बनर्जी की इससे पहले दिन में चाणक्यपुरी स्थित बंग भवन के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों से साथ बहस हुई थी। उन्होंने निर्वाचन आयोग में बैठक के लिए पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस द्वारा दिल्ली लाए गए एसआईआर प्रभावित परिवारों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किये जाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करने पर भी सवाल उठाये थे।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (धारणा प्रबंधन और मीडिया प्रकोष्ठ) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने याहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में ममता बनर्जी के दावे का खंडन करते हुए कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी ने बंग भवन में प्रवेश नहीं किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने बंग भवन में रहने वाले किसी भी व्यक्ति पर कोई पाबंदी नहीं लगाई और न ही लोगों के आने-जाने पर रोक लगाई। भवन के बाहर सुरक्षा बल की तैनाती सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थी, क्योंकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्राप्त है।’’
श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने हमें बंग भवन में बनर्जी के आने के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था और हमने सूचना के अनुरूप उचित व्यवस्था की थी।
भाषा धीरज नेत्रपाल संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
