ईटानगर, दो फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश की पर्वतारोही काबक यानो ने अपने महत्वाकांक्षी ‘7-समिट’ पर्वतारोहण अभियान के तहत दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकोंकागुआ को सफलतापूर्वक फतह कर लिया है।
राज्य खेल विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यानो ने रविवार को अर्जेंटीना में स्थित 22,831 फुट ऊंची इस चोटी के शिखर पर पहुंचकर सभी सात महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों को फतह करने के अपने लक्ष्य की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनाइक ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यानो की यह सफलता असाधारण साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने इसे न केवल एक व्यक्तिगत विजय बताया, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए एक सशक्त प्रेरणा भी कहा।
गौरतलब है कि परनाइक ने पिछले वर्ष 28 जुलाई को यहां लोक भवन से राज्य के खेल एवं युवा कार्य मंत्री केंतो जिनी की उपस्थिति में यानो के 7-समिट अभियान को औपचारिक रूप से रवाना किया था।
यानो इससे पहले 4 अगस्त 2025 को माउंट किलिमंजारो और 16 अगस्त 2025 को माउंट एल्ब्रुस पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं।
प्रतिष्ठित ‘7-समिट’ अभियान के तहत सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों — माउंट एवरेस्ट (एशिया), एकोंकागुआ (दक्षिण अमेरिका), डेनाली (उत्तरी अमेरिका), किलिमंजारो (अफ्रीका), एल्ब्रुस (यूरोप), विन्सन मैसिफ (अंटार्कटिका) और पंकक जया या माउंट कोसियुस्को (ओशिनिया) पर चढ़ाई शामिल है। यह उपलब्धि दुनिया भर में केवल चुनिंदा पर्वतारोहियों ने ही हासिल की है।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
