नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) मध्य दिल्ली में नशे की हालत में दो लोगों को चाकू मारने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वह हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने खुद को अपने घर के अंदर बंद कर लिया और उसके परिवार ने उसे पकड़ने के लिए पहुंची पुलिस टीम को रोकने की कोशिश की।
अधिकारी ने पुलिस के हवाले से बताया कि हौज काजी निवासी अब्दुल समद उर्फ समीर (29) एक खूंखार अपराधी है, जिसके खिलाफ 31 मामले दर्ज हैं, जिनमें से आठ मामलों में अभी भी सुनवाई चल रही है। उसे हाल ही में जनवरी में एक मामले में जमानत पर रिहा किया गया था।
तेईस जनवरी की तड़के हुई इस घटना में दो लोग चाकू से घायल हो गए।
पुलिस की शिकायत के अनुसार, देर रात लगभग 2:30 बजे समद की दो व्यक्तियों के साथ तीखी बहस हुई।
पुलिस ने बताया कि उनमें से एक ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से हस्तक्षेप करने को कहा, जिसने मध्यस्थता करने की कोशिश की, लेकिन समद कथित तौर पर आक्रामक हो गया और उसने दोनों पुरुषों पर धारदार वस्तु से हमला किया और भाग गया।
बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का विश्लेषण किया गया और स्थानीय खुफिया एजेंसियों को सक्रिय किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30-31 जनवरी की दरमियानी रात को टीम ने उसके आवास पर छापा मारा। अभियान के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को घर के अंदर बंद कर लिया, जबकि परिवार के एक सदस्य ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की और बार-बार पीसीआर कॉल किए।
उन्होंने कहा कि टीम ने संयम बनाए रखा और बाद में गेट तोड़कर समद को पकड़ लिया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
