नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लेकर पटेल नगर इलाके में हत्या के प्रयास के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 28 जनवरी को पटेल नगर में दयानंद मॉडल पब्लिक स्कूल के पास उस वक्त हुई, जब 16-वर्षीय एक लड़के पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया। वह नाबालिग उस वक्त अपने पिता की स्कूल वैन में बैठा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘लड़के का पिता उस समय दूसरे स्कूल से छात्रों को लाने गया था। पीड़ित का पांच-छह दिन पहले कुछ लड़कों के साथ निजी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान उसे धमकी दी गई थी।’’
अधिकारी ने बताया कि 28 जनवरी को दोपहर दो बजे पीड़ित के परिचित तीन-चार लड़के मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर वाहन के खिड़की के शीशे को तोड़ना शुरू कर दिया।
उनके मुताबिक, लड़के ने वैन से उतरकर जब भागने की कोशिश की तो हमलावरों में से दो ने उसे पकड़ लिया, जबकि एक अन्य ने कथित तौर पर उसे जान से मारने के इरादे से उसकी पीठ पर चाकू से दो वार किये। इसके बाद हमलावर भाग गए।
घायल ने अपने पिता को इस बारे में सूचित किया, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई। पुलिस ने सूचना के आधार पर आनंद पर्वत के रामजस पार्क में छापा मारा और चार नाबालिगों को पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने हमले में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उनके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।’’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
