देहरादून, दो फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के ऋषिकेश में महिला मित्र की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के आरोपी सुरेश गुप्ता को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गुप्ता को छुटमलपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में किराए के एक कमरे में अकेली रहने वाली प्रीति रावत (32) की शनिवार देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी।
पुलिस ने बताया कि प्रीति तलाकशुदा थी और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में सहायिका के पद पर कार्यरत थी।
प्रीति के पिता बच्चन सिंह रावत ने हत्या का आरोप गुप्ता पर लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि प्रीति से विवाह करने के लिए गुप्ता ने चार माह पहले अपनी पत्नी से तलाक ले लिया था और उसके कहने पर हरिद्वार के लक्सर स्थित अपनी पैतृक संपत्ति बेचने के बाद ऋषिकेश में मकान ढूंढ रहा था।
पुलिस के मुताबिक, लेकिन ऋषिकेश में ठीक जगह पर संपत्ति नहीं मिलने के कारण गुप्ता और प्रीति के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा।
पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्टया इसी कारण आरोपी ने प्रीति की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
