scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमखेलशारदुल, जायसवाल की रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए मुंबई टीम में वापसी

शारदुल, जायसवाल की रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए मुंबई टीम में वापसी

Text Size:

मुंबई, दो फरवरी (भाषा) कप्तान शारदुल ठाकुर और भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को छह फरवरी से यहां कर्नाटक के खिलाफ होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए सोमवार को मुंबई की टीम में शामिल किया गया।

मुंबई की टीम चार जीत और तीन ड्रॉ से एलीट ग्रुप डी में शीर्ष पर रही जबकि कर्नाटक ने ग्रुप ए के अपने अंतिम लीग मैच में पंजाब पर रोमांचक जीत की बदौलत अंतिम आठ में जगह बनाई।

मुंबई और कर्नाटक के बीच क्वार्टर फाइनल छह से 10 फरवरी तक यहां एमसीए-बीकेसी मैदान पर खेला जाएगा क्योंकि वानखेड़े स्टेडियम सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के मुकाबलों की मेजबानी करेगा।

रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में जायसवाल दूसरी बार मुंबई के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। इससे पूर्व वह राजस्थान के खिलाफ पहले दौर के मैच में खेले थे।

मुंबई क्रिकेट संघ और सीनियर चयन पैनल ने चयन के लिए भारत के इस सलामी बल्लेबाज के नाम पर विचार नहीं किया था क्योंकि वह रविवार को संपन्न हुए ग्रुप चरण के दूसरे दौर के मुकाबलों के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि करने में नाकाम रहे थे।

जायसवाल टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।

इस बीच ठाकुर मुंबई के नियमित कप्तान सिद्धेश लाड की जगह टीम की अगुआई करेंगे जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान उन्हें लगी चोट के बाद टीम की कप्तानी की थी।

टीम इस प्रकार है:

शारदुल ठाकुर, यशस्वी जायसवाल, मुशीर खान, सरफराज खान, सिद्धेश लाड, अखिल हेरवादकर, आकाश आनंद, हार्दिक तमोरे, साईराज पाटिल, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, ओंकार तरमाले, दिव्यांश सक्सेना और सूर्यांश शेडगे।

भाषा सुधीर मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments