scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमदेशकोहिमा बस हादसा: मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा

कोहिमा बस हादसा: मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा

Text Size:

कोहिमा, दो फरवरी (भाषा) नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने कोहिमा में दो दिन पहले हुई एक बस दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्तियों को भी 50,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की और उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की।

एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम नगालैंड की राजधानी कोहिमा से लगभग 21 किलोमीटर दूर एक बस के पलटने से उसमे सवार पांच महिलाओं की मौत हो गई थी तथा कई अन्य घायल हो गए थे। बस में कुल 32 यात्री सवार थे।

रियो ने चुमौकेदिमा एओ बैपटिस्ट गिरजाघर के सदस्यों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

इस संबंध में रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज गति या नशे में वाहन चलाने की बात सामने नहीं आई है।

बयान के मुताबिक दुर्घटना बस में यांत्रिक खराबी के कारण होने का संदेह है, मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पांचों महिलाओं के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं तथा घायल यात्रियों को उपचार के लिए दीमापुर स्थित ‘क्रिश्चियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च’ अस्पताल ले जाया गया है।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments