जयपुर, एक फरवरी (भाषा) राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने करीब दो साल से फरार मादक पदार्थों के एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो लगातार अपनी पहचान बदलकर और दूसरे राज्यों में छिपकर गिरफ्तारी से बच रहा था। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक (आईजी) विकास कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान सहदेव के रूप में हुई है और उसे जोधपुर के मोगड़ा गांव के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह मोटरसाइकिल से पाली की ओर जा रहा था।
उनके मुताबिक, वह अपने एक रिश्तेदार के घर गया था जिसके बाद एएनटीएफ की टीमों ने उसे देखा और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व मोटरसाइकिल की पंजीकरण संख्या के जरिए उसका पता लगाया।
फरार रहने के दौरान, सहदेव राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और इस दौरान भी अपना मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क चलाता रहा।
उन्होंने बताया कि वह अवैध व्यापार के सिलसिले में अक्सर जोधपुर आता-जाता रहता था।
पुलिस के मुताबिक, सहदेव कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल था और फर्जी पहचान का उपयोग करके गिरफ्तारी से बचता रहा था। भीलवाड़ा पुलिस ने उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।
भाषा बाकोलिया नोमान
नोमान
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
