scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशश्रीधरन केरल में हाई-स्पीड रेल लाइन के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे

श्रीधरन केरल में हाई-स्पीड रेल लाइन के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे

Text Size:

मलप्पुरम (केरल), एक फरवरी (भाषा) केंद्रीय बजट में घोषित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में केरल को शामिल न किए जाने के बावजूद, ‘मेट्रोमैन’ के नाम से मशहूर ई. श्रीधरन ने रविवार को कहा कि वह राज्य में प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण कार्य को आगे बढ़ाएंगे।

श्रीधरन ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से बात की थी, जिन्होंने उन्हें तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल परियोजना के लिए समर्थन का आश्वासन दिया था।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए श्रीधरन ने कहा कि वह सोमवार को परियोजना के लिए एक कार्यालय खोलेंगे और औपचारिक आदेशों की प्रतीक्षा किए बिना काम शुरू कर देंगे।

उन्होंने कहा, “हमने आदेश का इंतजार करके समय बर्बाद न करने का फैसला किया है। केरल में मानसून जून-जुलाई तक शुरू हो जाता है, और उस समय सर्वेक्षण का काम नहीं किया जा सकता। कार्यालय सोमवार से काम करना शुरू कर देगा। यह भले ही बड़ा कार्यालय न हो, लेकिन लोग आकर काम कर सकेंगे।”

उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए लगभग 10-12 लोगों का चयन किया गया है, जिनमें से अधिकांश को कार्यस्थल पर नियुक्त किया गया है और कुछ को ऑनलाइन काम दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, “हमने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया को शीघ्रता से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।”

श्रीधरन ने कहा कि प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल परियोजना केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त उद्यम होगी।

उन्होंने कहा, “रेलवे मंत्रालय ने कहा है कि वह रेल लाइन का निर्माण करेगा। रिपोर्ट तैयार होने के बाद राज्य सरकार इसमें शामिल होगी और उनकी राय के लिए रिपोर्ट उन्हें भेजी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि उनकी मुलाकात रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से 16 जनवरी को हुई थी और उनके कार्यालय से हुई बातचीत से संकेत मिला था कि जल्द ही एक आदेश जारी किया जाएगा।

श्रीधरन ने कहा कि उन्हें केंद्रीय बजट में केरल के लिए हाई-स्पीड रेल परियोजना की घोषणा की उम्मीद नहीं थी।

उन्होंने कहा, “रेल मंत्री ने मुझे बताया था कि यह बजट में शामिल नहीं होगा। बजट में उल्लिखित सात परियोजनाएं बुलेट ट्रेन परियोजनाएं हैं। हमें यहां बुलेट ट्रेन की जरूरत नहीं है।”

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments