नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) अभिनेता राम चरण जब अपनी दो वर्षीय बेटी क्लिन कारा कोनिडेला के साथ अपनी पत्नी उपासना कोनिडेला और नवजात जुड़वां बच्चों से मिलने अस्पताल पहुंचे, तो प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया।
इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में राम अपनी बेटी को गोद में लेकर प्रशंसकों की भीड़ से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए।
राम और उपासना ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये अपने जुड़वां बच्चों (एक बेटे और एक बेटी) के जन्म की घोषणा की।
दंपति ने लिखा, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे घर एक बेटे और एक बेटी ने जन्म लिया है। दो बेटियां और एक बेटा पाकर हम बेहद कृतज्ञ हैं… हमारे जीवन में मौजूद महिलाएं हमारी सबसे बड़ी ताकत रही हैं। मैं अपने सभी प्रशंसकों, परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों का बहुत आभारी हूं, जो हर पल हमारे साथ खड़े रहे और हमारा साथ दिया।”
इंटरनेट पर जैसे ही घटना के वीडियो सामने आए, कई उपयोगकर्ताओं ने प्रशंसकों के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रशंसकों को यह समझना चाहिए कि कलाकारों को भी निजता की आवश्यकता होती है।
एक उपयोगकर्ता ने लिखा, “वह अपनी पत्नी और नवजात बच्चों से मिलने जा रहे हैं। कृपया उनकी निजता का सम्मान करें। उनके लिए परेशानी न खड़ी करें।”
एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, “किसी भी बच्चे को ऐसी डरावनी स्थिति से नहीं गुजरना चाहिए! बेशर्मी की हद है! लोगों की समझ को आखिर हो क्या गया है।”
भाषा शुभम पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
