scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमदेशऋषिकेश एम्स में कार्यरत तलाकशुदा महिला की पुरूष मित्र ने हत्या की

ऋषिकेश एम्स में कार्यरत तलाकशुदा महिला की पुरूष मित्र ने हत्या की

Text Size:

देहरादून, एक फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक तलाकशुदा महिला की कथित तौर पर उसके पुरूष मित्र ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में किराए के घर में अकेली रहने वाली प्रीति रावत (32) को कथित तौर पर गोली मार दी गयी।

उन्होंने बताया कि एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्यरत प्रीति के परिजनों ने हत्या का आरोप उसके पुरूष मित्र सुरेश गुप्ता पर लगाया है।

एसएसपी ने बताया कि मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत द्वारा घटना के संबंध में दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस कोतवाली ऋषिकेश में गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं और उसके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

सिंह ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच तथा आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि कुछ साल पहले पति से तलाक के बाद पौड़ी जिले के यमकेश्वर की रहने वाली प्रीति की मुलाकात ऋषिकेश में गुप्ता से हुई।

उन्होंने बताया कि जल्द ही यह मुलाकात प्रेम प्रसंग में बदल गयी और प्रीति से विवाह करने के लिए गुप्ता ने चार माह पहले अपनी पत्नी से तलाक ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, हालांकि, प्रीति तथा उसके परिजनों ने गुप्ता से शादी से पहले ऋषिकेश में संपत्ति लेने को कहा जिसके बाद उसने हरिद्वार जिले के लक्सर में स्थित अपनी सारी पैतृक संपत्ति 35 लाख रुपये में बेच दी तथा ऋषिकेश में मकान ढूंढ़ने लगा । हालांकि, 35 लाख रुपये में उसे ऋषिकेश में कोई अच्छी संपत्ति नहीं मिल रही थी जिससे उसके तथा प्रीति के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा और गुप्ता अवसाद में आ गया।

उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि प्रीति के साथ विवाह के लिए अपनी पत्नी से तलाक लेने, अपनी सारी संपत्ति बेचकर भी ऋषिकेश में मकान न ले पाने और प्रीति के साथ शादी न कर पाने के कारण अवसाद में आकर आरोपी ने उक्त घटना को अंजाम दिया है।

एसएसपी ने बताया कि घटना के सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से विवेचना की जा रही है।

सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया तथा मृतका के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना देते हुए आरोपी के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया ।

भाषा दीप्ति नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments