scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशशबरिमला सोना चोरी मामला : मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन का दूसरे मामले में वैधानिक जमानत का अनुरोध

शबरिमला सोना चोरी मामला : मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन का दूसरे मामले में वैधानिक जमानत का अनुरोध

Text Size:

कोल्लम (केरल), एक फरवरी (भाषा) शबरिमला स्वर्ण चोरी मामले में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी ने अपने खिलाफ दर्ज दूसरे मामले में वैधानिक जमानत का अनुरोध करते हुए यहां की एक अदालत में याचिका दायर की है।

द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्ति से सोना चोरी होने से संबंधित मामले में पहले वैधानिक जमानत हासिल कर चुके पोट्टी ने अब श्रीकोविल (गर्भगृह) के दरवाजों के फ्रेम से सोना चोरी होने से संबंधित दूसरे मामले में इसी तरह की राहत पाने के लिए कोल्लम सतर्कता न्यायालय का रुख किया है।

उन्होंने शनिवार को याचिका दायर की, क्योंकि उनकी गिरफ्तारी के 90 दिन बीत जाने के बाद भी विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अभी तक आरोप पत्र दाखिल नहीं किया है।

अदालत ने याचिका पर सोमवार को विचार करने का फैसला किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि जमानत मंजूर हो जाती है तो उन्नीकृष्णन उर्फ ​​पोट्टी जेल से रिहा हो जाएगा।

एसआईटी अधिकारियों के अनुसार, 2019 में श्रीकोविल की सोने से मढ़ी हुई द्वारपालक मूर्तियों और दरवाजों के फ्रेम पर इलेक्ट्रोप्लेटिंग कराने की पहल पोट्टी ने ही की थी।

इलेक्ट्रोप्लेटिंग का काम चेन्नई की एक कंपनी में किया गया था और एसआईटी को संदेह है कि सोने की चोरी इसी प्रक्रिया के दौरान हुई।

इससे पहले, अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के बाद त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के दो प्रशासनिक अधिकारियों को जेल से रिहा कर दिया गया था।

पोट्टी के अलावा अदालत टीडीबी के पूर्व कार्यकारी अधिकारी डी सुधीश कुमार द्वारा दायर जमानत याचिकाओं पर भी विचार करेगी, जिन्होंने दोनों मामलों में 90 दिन की न्यायिक हिरासत पूरी कर ली है।

कुमार द्वारपालक सोने की चोरी के मामले में तीसरा आरोपी और श्रीकोविल दरवाजे के फ्रेम के मामले में पांचवां आरोपी है।

द्वारपालक सोने की चोरी से संबंधित मामले में 16 आरोपी हैं और श्रीकोविल दरवाजे के फ्रेम मामले में 13 आरोपी हैं।

एसआईटी अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच की गई है, लेकिन दोनों मामलों में आरोपपत्र दाखिल करने में देरी वैज्ञानिक परीक्षण परिणामों के लंबित होने के कारण हुई है।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी का उद्देश्य इसी महीने के भीतर आरोप पत्र दाखिल करना है।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments