scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशअर्थजगतवस्तुओं और सेवाओं के निर्यात में 21 जनवरी तक मजबूत वृद्धि रही: गोयल

वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात में 21 जनवरी तक मजबूत वृद्धि रही: गोयल

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 जनवरी (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद इस साल 21 जनवरी तक देश से वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।

हालांकि, मंत्री ने इससे संबंधित आंकड़ों का खुलासा नहीं किया।

ग्रेटर नोएडा में ‘आईसीएआई वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा, ‘‘भारत का वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात इस साल 21 जनवरी तक लगातार बढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ता के बल पर हम अपने ही रिकॉर्ड तोड़ना जारी रखेंगे और जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।’’

बृहस्पतिवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में देश का वस्तु निर्यात 1.87 प्रतिशत बढ़कर 38.5 अरब डॉलर रहा था। इस दौरान आयात 8.7 प्रतिशत बढ़कर 63.55 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-दिसंबर अवधि के दौरान देश का वस्तु निर्यात 2.44 प्रतिशत बढ़कर 330.29 अरब डॉलर रहा।

वाणिज्य मंत्रालय को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2025-26 में वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात 850 अरब डॉलर के पार निकल सकता है, जो 2024-25 में 825 अरब डॉलर रहा था।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments