scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशगुजरात में विपक्ष गायब; कांग्रेस और सत्ताधारी भाजपा मिलकर करते हैं काम : पंजाब के मुख्यमंत्री मान

गुजरात में विपक्ष गायब; कांग्रेस और सत्ताधारी भाजपा मिलकर करते हैं काम : पंजाब के मुख्यमंत्री मान

Text Size:

अहमदाबाद, 29 जनवरी (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि गुजरात में कोई वास्तविक विपक्ष मौजूद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस तथा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस तरह काम कर रही है, जैसे कोई ‘संयुक्त उद्यम’।

मान ने दावा किया कि एक पारंपरिक विपक्ष की कमी से राज्य के लोगों की आवाज दब गई है और इसने (कांग्रेस ने) एक ऐसा खालीपन छोड़ दिया है, जिसे अब आम आदमी पार्टी भर रही है।

पश्चिमी भारत में ‘आप’ का प्रभाव बढ़ाने के लिए यहां आए पंजाब के मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा पिछले 30 वर्षों से गुजरात में सत्ता में है, लेकिन उन्होंने क्या किया है? कुछ खास नहीं।’’

मान ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों पर एक-दूसरे को चुनौती देने के बजाय यथास्थिति बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यहां कांग्रेस पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। कभी-कभी यह बताना मुश्किल हो जाता है कि यह कांग्रेस है या भाजपा… ऐसा लगता है जैसे दोनों मिलकर कोई संयुक्त उद्यम चला रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने विसावदर विधानसभा उपचुनाव के दौरान विशेष रूप से भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए एक उम्मीदवार को मैदान में उतारा था।

मान ने कहा कि इसके बावजूद, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने काफी बड़े अंतर से सीट जीत ली।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां विपक्ष कभी सरकार पर सवाल नहीं उठाता। यह पहला राज्य है जहां मैंने दोनों (राजनीतिक) दलों को एक साथ देखा है।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में कोई वास्तविक विपक्ष नहीं है, इसलिए लोग आम आदमी पार्टी पर भरोसा दिखा रहे हैं, क्योंकि यह उनके मुद्दों को उठाती है।

मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना (एमएमएसवाई) शुरू की है, जो देश की पहली ऐसी योजना है। उन्होंने कहा कि इसके तहत पंजाब और चंडीगढ़ के सरकारी और निजी सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रति परिवार प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का नकदी-रहित (कैशलेस) इलाज संभव हो सकेगा।

उनके अनुसार, गुजरात में मामूली बीमारियों के लिए भी लोगों को अहमदाबाद, वडोदरा या सूरत जैसे बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है।

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments