scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशगौतमबुद्ध नगर के करीब 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, सुरक्षा कड़ी की गई

गौतमबुद्ध नगर के करीब 20 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, सुरक्षा कड़ी की गई

Text Size:

नोएडा, 23 जनवरी (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के करीब 20 निजी स्कूलों को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।

वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न थानों के कर्मचारी, बम निरोधक दस्ते, अग्निशमन सेवा, खोजी कुत्तों के दस्ते और बम खोजी एवं निष्क्रिय करण दस्ता (बीडीडीएस) की टीम को प्रभावित स्कूलों में तैनात किया गया।

पुलिस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, कुछ निजी संस्थानों के परिसरों में गहन तलाशी ली गई, जबकि साइबर अपराध की एक टीम ने धमकी भरे ईमेल का तकनीकी विश्लेषण शुरू कर दिया है।

पुलिस ने कहा, “स्थिति सामान्य है और सभी स्थानों पर पूर्ण शांति और व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी जाती है।”

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक आकलन से धमकियां अस्पष्ट हैं, लेकिन ईमेल के स्रोत और मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर जिले के लगभग 20 निजी स्कूलों को ये ईमेल प्राप्त हुए, जिनमें से एक ईमेल विदेश से भेजा गया प्रतीत होता है।

उसने बताया कि तलाशी के दौरान किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई और सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य रही।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी, बीडीडीएस दल, खोजी कुत्तों का दस्ता और पुलिसकर्मी स्कूलों में गहन जांच कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “ईमेल का विश्लेषण किया जा चुका है और साइबर अपराध टीम तकनीकी जांच कर रही है। स्थिति सामान्य है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।”

पुलिस ने बताया कि साइबर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले स्थानों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और जांच बढ़ा दी है।

पिछले वर्ष दिसंबर में भी नोएडा के कई स्कूलों को इसी तरह के फर्जी धमकी भरे ईमेल मिले थे। मई 2024 में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई निजी स्कूलों को बम की धमकी मिलने के बाद उन्हें खाली कराया गया था, हालांकि उस समय भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली थी।

पुलिस ने बताया कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments