त्रिशूर (केरल), 22 जनवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को केरल में हाल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में मिली हार के बाद लोगों का विश्वास फिर से हासिल करने की कोशिश के बीच पार्टी महासचिव एम ए बेबी का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह थाली धोते दिख रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
बुधवार को कोडुंगल्लूर क्षेत्र के एक घर में जाने के दौरान, बेबी ने दोपहर का भोजन किया और ‘‘थाली में एक भी दाना छोड़े बिना’’ भोजन समाप्त करने के बाद चुपचाप रसोई में जाकर अपनी थाली को धोया।
इस घटना का वीडियो बनाया गया और बाद में इसे माकपा के सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया गया।
हालांकि, इस वीडियो को सोशल मीडिया पर ‘ट्रोल’ किया गया। माकपा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई, जिन्होंने बेबी का समर्थन किया और इस कृत्य को संस्कृति, समानता और श्रम की गरिमा का एक उदाहरण बताया।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस वीडियो को लेकर बेबी पर निशाना भी साधा।
इस तरह के ऑनलाइन हमलों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, केरल के मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि आलोचना से इस कृत्य का मजाक उड़ाने वालों की ‘‘सांस्कृतिक शून्यता और गहरी जड़ें जमा चुकी सामंती मानसिकता’’ का पता चलता है।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘अपनी थाली खुद धोना एक शिष्टाचार है; जो लोग इसका मजाक उड़ाते हैं, उन्हें कम से कम कक्षा एक की पाठ्यपुस्तक तो पढ़ लेनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि अपनी थाली खुद धोना कम्युनिस्ट आंदोलन के भीतर लंबे समय से चली आ रही एक प्रथा है।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे दिल्ली में एकेजी भवन हो या तिरुवनंतपुरम में एकेजी केंद्र, यह हमेशा से हमारी प्रथा और आदत रही है।’’
शिवनकुट्टी ने कहा कि बेबी के करीबी लोग जानते हैं कि ‘‘वह जहां भी हों, उन्हें लंबे समय से अपनी थाली खुद धोने की आदत है’’ और वह खाना बनाना भी जानते हैं।
माकपा की वरिष्ठ नेता एवं उच्च शिक्षा मंत्री आर. बिंदू ने भी बेबी का बचाव करते हुए उनके इस कदम को ‘‘बेहद प्रशंसनीय और अनुकरणीय’’ बताया।
भाषा
देवेंद्र संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
