गुवाहाटी, 22 जनवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह क्रमशः 14 फरवरी और 30 जनवरी को राज्य का दौरा करने वाले हैं।
दावोस से ‘फेसबुक लाइव’ के दौरान शर्मा ने कहा कि मोदी के कार्यक्रमों में गुवाहाटी के दो हिस्सों को जोड़ने वाले ब्रह्मपुत्र नदी पर एक पुल और यहां भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएमजी) का उद्घाटन शामिल है।
शर्मा ने बताया कि शाह का 30 जनवरी को डिब्रूगढ़ जाने का कार्यक्रम है, जहां वह राज्य के दूसरे विधानसभा परिसर की आधारशिला रखेंगे और एक रैली को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री का राज्य का यह दौरा तीन महीनों में तीसरा दौरा होगा। असम में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘लोग जानते हैं कि डिब्रूगढ़ जिले के मोरन में एक ‘एडवांस्ड लैंडिंग फैसिलिटी’ स्थापित की जा रही है, जहां भारतीय वायुसेना के विमान राजमार्गों पर उतरेंगे। हम प्रधानमंत्री से भी अनुरोध करने पर विचार कर रहे हैं कि क्या उनका विमान राजमार्ग पर उतर सकता है।’
शर्मा ने कहा कि मोदी राज्य को 100 इलेक्ट्रिक बसें भी समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री के फरवरी में दूसरी बार राज्य आने की भी संभावना है। वह कोकराझार और भूटान के गेलेफू के बीच रेलवे लाइन की आधारशिला रखने आ सकते हैं।
उनका कोकराझार में एक रेलवे कोच निर्माण कारखाने और गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस राजमार्ग की आधारशिला रखने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का अनावरण करने और रैलियों को संबोधित करने के लिए 20 दिसंबर और 17 जनवरी को दो बार चुनावी राज्य में आए थे, जिससे चुनाव प्रचार का माहौल बन गया है।
शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री विधानसभा परिसर की आधारशिला रखेंगे और ऊपरी असम जिले के खनिकर खेल मैदान में रैली को भी संबोधित करेंगे।
सरकार डिब्रूगढ़ को राज्य की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित कर रही है, जहां एक और विधानसभा और सचिवालय परिसर बनाया जाएगा।
शाह ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने और एक जनसभा को संबोधित करने के लिए 29 दिसंबर को असम का एक दिवसीय दौरा किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि वह विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के लिए दावोस में है, लेकिन वह अपने मंत्रियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और विकास कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गुवाहाटी लौटेंगे।
भाषा
नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
