नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) सोशल मीडिया पर साझा की गई आपात सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के सोशल मीडिया नियंत्रण कक्ष ने 19 वर्षीय एक युवक की जान बचा ली, जिसने कथित तौर पर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की मंशा जाहिर की था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी को शाम 6.32 बजे सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए जानकारी दी कि एक परिचित युवक टेलीग्राम पर उससे बातचीत कर रहा है और तनाव के चलते आत्महत्या की बात कर रहा है।
युवक ने कथित तौर पर प्रेम संबंध विफल होने के कारण ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की मंशा जताई थी। पोस्ट में पीड़ित का नाम और मोबाइल नंबर भी साझा किया गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया नियंत्रण कक्ष के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की और संबंधित जानकारी नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के थाना प्रभारी को भेजी गई।
पुलिस ने सत्यापन के दौरान पाया कि युवक वास्तव में हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। इसके बाद संबंधित थाना प्रभारी को तुरंत सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को रेलवे परिसर में सुरक्षित पाया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित आत्महत्या को टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक की ‘काउंसलिंग’ की गई और बाद में उसे सुरक्षित रूप से उसके चाचा को सौंप दिया गया, जो दिल्ली के जैतपुर के निवासी हैं।
भाषा
राखी माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
