(बरुण झा)
दावोस, 20 जनवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि वह अमरावती को दुनिया का सबसे बेहतरीन एवं खूबसूरत शहर बनाएंगे और इस प्रयास में भागीदार बनने के लिए सभी का स्वागत है।
अपनी सरकार और उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित सत्र में उन्होंने कहा कि हर देश बढ़ती उम्र की समस्या का सामना कर रहा है लेकिन भारत जनसंख्या संबंधी लाभ लाभ उठा रहा है और यह अगले 25-30 वर्ष तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारत का एक और बड़ा लाभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में मजबूत नेतृत्व है।
नायडू ने कहा, ‘‘ भारत में अंतर्निहित ताकतें हैं। पहले यह एक सोई हुई महाशक्ति हुआ करता था और इसकी क्षमता पर विश्वास करना किसी के लिए भी मुश्किल था। हालांकि अब हमें भारत की वृद्धि क्षमता के बारे में किसी को बताने की भी जरूरत नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हम सभी एक प्रेरणादायक दौर में हैं। भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और आंध्र प्रदेश तो उससे भी अधिक तेजी से विकास कर रहा है…। पहले हम व्यापार करने में आसानी की बात करते थे और अब हम व्यापार करने की गति की बात कर रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम यहां सभी को आंध्र प्रदेश की वृद्धि में भागीदार बनाना चाहते हैं।”
नायडू ने कहा कि 90 के दशक में दावोस की उनकी यात्रा ने ही उन्हें यह सोचने के लिए प्रेरित किया था कि दुनिया कैसे आगे बढ़ रही है और आंध्र प्रदेश को कैसे आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब दुनिया प्रतिभा के लिए भारत पर निर्भर रहने वाली है।
नायडू ने कहा, ‘‘ मैंने हैदराबाद को रहने योग्य सर्वश्रेष्ठ शहर बनाया, अब मैं अमरावती को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर बनाना चाहता हूं और इसके लिए मैं साझेदारों को आमंत्रित करता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में प्रचुर मात्रा में सूर्य की रोशनी, हवा और भंडारण स्थान का ऐसा अनूठा संयोजन है जो इसे हरित ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने में सक्षम बनाता है।
उन्होंने आंध्र प्रदेश और भारत में व्यापार के लिए उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए यह बात कही।
इसी सत्र में सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि भारत की वृद्धि की कहानी एक सामूहिक प्रयास है जहां राज्य महत्वपूर्ण स्तंभों के रूप में कार्य करते हैं। नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश एक उच्च प्रदर्शन वाला, नवाचार-संचालित अर्थव्यवस्था के मजबूत उदाहरण के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेशक जब पैमाने, विश्वास एवं स्थिरता की तलाश में होते हैं तो आंध्र प्रदेश अपने मजबूत बुनियादी ढांचे, दूरदर्शी शासन एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता के लिए अलग पहचान रखता है। सीआईआई को उनके विचारों और नेतृत्व के माध्यम से उनके साथ मिलकर काम करने एवं उनके सार्वजनिक-निजी-जन भागीदारी शासन मॉडल का लाभ उठाने का सौभाग्य प्राप्त है।
भाषा निहारिका रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
