नयी दिल्ली, 19 जनवरी (भाषा) दिल्ली के निवासी अब कई नंबरों पर फोन करने के बदले एकीकृत हेल्पलाइन 112 डायल कर कई आपातकालीन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एकल आपातकालीन नंबर की घोषणा करते हुए कहा कि गृह मंत्रालय ने ‘112’ को राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर घोषित किया है और इसी के अनुरूप दिल्ली सरकार इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपात स्थिति की प्रकृति के आधार पर, 112 डायल कर पुलिस, अग्निशमन सेवा, एम्बुलेंस और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को एक साथ सूचित किया जा सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सहायता सिर्फ फोन के माध्यम से ही नहीं बल्कि मोबाइल ऐप, आपातकालीन बटन, एसएमएस और ऑनलाइन मंच के जरिए भी प्राप्त की जा सकती है, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि यदि कोई नागरिक बोलने में असमर्थ है, तब भी वह आसानी से संकट संबंधी संकेत भेज सकता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही कोई कॉल या आपातकालीन सूचना प्राप्त होती है, सिस्टम स्वचालित रूप से फोन करने वाले के ‘लोकेशन’ का पता लगा लेता है, ताकि पीड़ित को अपना स्थान बताने की आवश्यकता नहीं रहती। लोकेशन का पता चलते ही, निकटतम नियंत्रण कक्ष से पुलिस वाहन, एम्बुलेंस या अग्निशमन वाहन तुरंत भेजा जाता है।
भाषा अविनाश माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
